Social Activity BSP
घाटोली (Social Activity BSP)। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की पांच दिवसीय जन संवाद पदयात्रा लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क और संवाद का माध्यम बनती जा रही है। 28 मई से शुरू हुई यह पदयात्रा अब अपने तीसरे दिन में प्रवेश कर चुकी है और आज मंत्री की यात्रा ग्राम पंचायत घाटोली पहुंची, जहां ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।
जानकारी के अनुसार, मंत्री मदन दिलावर की यह जन संवाद यात्रा 1 जून 2026 को संपन्न होगी। इस दौरान वे करीब 80 किलोमीटर क्षेत्र के विभिन्न गांवों को पैदल कवर करेंगे और ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं जानेंगे।
पदयात्रा के तीसरे दिन की शुरुआत सांडयाखेड़ी गांव से हुई, जहां मंत्री ने रात्रि विश्राम किया था। सुबह करीब 9 बजे यात्रा दोबारा शुरू हुई, जिसके बाद सबसे पहले घाटोली गांव पहुंचकर मंत्री ने ग्रामीणों से मुलाकात की और क्षेत्रीय समस्याओं व विकास कार्यों को लेकर चर्चा की।
बताया जा रहा है कि पदयात्रा के पहले दो दिनों में मंत्री करीब 47 किलोमीटर का सफर पैदल तय कर चुके हैं, जबकि शेष गांवों का दौरा आगामी दिनों में किया जाएगा। यात्रा का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन से सीधा संवाद करना, सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानना और स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम उठाना है।
घाटोली पहुंचने पर शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने जनसभा को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास, शिक्षा व्यवस्था और पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अपनी बात रखी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मंत्री की यह पदयात्रा क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां लोग इसे जनसमस्याओं को नजदीक से समझने की पहल के रूप में देख रहे हैं।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

